
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का हार्दिक स्वागत है। मुख्यमंत्री ने यात्रियों से अपील की कि वे राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
40 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके दर्शन
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंट साहिब यात्रा में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुरुआती दिनों में ही पिछले वर्ष की तुलना में करीब 25 हजार अधिक श्रद्धालु हेमकुंट साहिब पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उत्तराखंड में स्थित हैं सिख धर्म के प्रमुख तीर्थ
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में सिख समुदाय के तीन प्रमुख धार्मिक स्थल — हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब स्थित हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करना उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाता है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी ऐसी गतिविधि को स्वीकार नहीं करेगी जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा, धार्मिक भावनाओं या सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचे। उन्होंने संवाद, भाईचारे और आपसी विश्वास को सभी समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
