देशराज्य

यूपी की महिलाओं के खाते में आएंगे गैस सब्सिडी के पैसे जानिए किसे मिलेगा लाभ

UTTAR PARDESH NEWS(Globl times):  दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश की 1.89 करोड़ से ज्यादा महिलाओं और उनके परिवारों के लिए राहत की खबर है। योगी सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ देने जा रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा की सब्सिडी लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजेंगे।

लखनऊ के लोक भवन सभागार में 3 नवंबर को इस योजना से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आधार से प्रमाणित बैंक खातों में डीबीटी के जरिए सब्सिडी की रकम ट्रांसफर करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक भी दिए जाएंगे। इस मौके पर प्रदेश के कई मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार ने उज्ज्वला योजना से जुड़ी पात्र महिलाओं को हर साल होली और दिवाली पर एक एक मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल देने की व्यवस्था जारी रखी है। वित्त वर्ष 2026 और 27 में भी इस योजना को आगे बढ़ाया गया है। इसके लिए सरकार ने कुल 2142 करोड़ 78 लाख रुपये का बजट तय किया है।

इसका पहला फायदा दिवाली के मौके पर अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच मिलेगा। वहीं दूसरा मुफ्त सिलेंडर रिफिल जनवरी से मार्च 2027 के बीच होली के आसपास दिया जाएगा। सरकार की इस व्यवस्था से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है जिनके घर का बजट पहले से ही रसोई गैस के खर्च के चलते प्रभावित होता है।

हालांकि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। लाभार्थी के पास उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन होना चाहिए। गैस सिलेंडर की बुकिंग और रिफिल की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके साथ ही बैंक खाता आधार से जुड़ा होना और डीबीटी की सुविधा चालू रहना जरूरी है। ईकेवाईसी पूरी नहीं होने पर सब्सिडी मिलने में परेशानी हो सकती है।

योगी सरकार का कहना है कि इस योजना का मकसद जरूरतमंद परिवारों को त्योहार के समय आर्थिक मदद देना और महिलाओं को रसोई गैस के खर्च से राहत पहुंचाना है। अब प्रदेश के करोड़ों लाभार्थी परिवारों की नजर अपने बैंक खातों में आने वाली सब्सिडी पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button