राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर लगाया बड़ा आरोप किरेन रिजिजू ने दिया जवाब

INDIA NEWS(Globl times): देश की राजनीति में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। राहुल गांधी के विदेशी ताकतों की मदद से मोदी के सत्ता में आने और बने रहने के आरोप पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जोरदार पलटवार किया है। रिजिजू ने राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि गंभीर स्तर की बहस समझदार और गंभीर लोगों के बीच होती है।
दरअसल पूरा मामला तब शुरू हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा था। पीएम मोदी ने आरोप लगाया था कि देश के अंदर कुछ ऐसी ताकतें काम कर रही हैं जो भारत को बांटने और विकास के रास्ते में रुकावट डालने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि सोशल मीडिया के जरिए झूठ और अफवाहें फैलाकर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश हो रही है।
पीएम मोदी के इस बयान के बाद राहुल गांधी ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री विदेशी मदद और विदेशी ताकतों के समर्थन के दम पर सत्ता में आए हैं और आज भी उसी सहारे पद पर बने हुए हैं। राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि देश की वित्तीय व्यवस्था विदेशी लोगों के नियंत्रण और समर्थन में है। उन्होंने प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दे दी। राहुल ने कहा कि बहस के लिए कोई भी जगह और समय तय किया जा सकता है।
राहुल गांधी के इसी बयान पर किरेन रिजिजू ने जवाब दिया। उन्होंने कांग्रेस नेता की बातों की तुलना इस्लामी कट्टरपंथियों के धर्मनिरपेक्षता की बात करने और अलगाववादियों के भारतीय झंडा उठाने से कर दी। रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत के दुश्मनों के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।
रिजिजू ने राहुल की खुली बहस की चुनौती को भी स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि गंभीर मुद्दों पर बहस गंभीर लोगों के बीच होती है।
इस बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप और तेज हो गए हैं। एक तरफ राहुल गांधी प्रधानमंत्री पर विदेशी समर्थन का आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ बीजेपी उनके बयानों को देश के हितों के खिलाफ बता रही है। अब देखना होगा कि इस राजनीतिक बहस में आने वाले दिनों में दोनों तरफ से और क्या जवाब सामने आते हैं।
