
Madhya Pradesh(Globl times): कांग्रेस में इन दिनों एक नया विवाद चर्चा में है। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुई महारैली से पहले बस में दो सांसदों के बीच कहासुनी और मारपीट का आरोप सामने आया है। कांग्रेस सांसदों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि अब इसकी शिकायत पार्टी के बड़े नेताओं तक पहुंच गई है। आरोप है कि महाराष्ट्र के सांसद श्याम कुमार बर्वे ने चंद्रपुर की महिला सांसद प्रतिभा धानोरकर को थप्पड़ मार दिया।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला उस समय हुआ जब कांग्रेस के सांसद और पार्टी के दूसरे नेता महारैली में शामिल होने के लिए बस से रामलीला मैदान जा रहे थे। इसी दौरान बस के अंदर दोनों सांसदों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप लगाया गया है कि बात इतनी बढ़ गई कि श्याम कुमार बर्वे ने प्रतिभा धानोरकर को थप्पड़ मार दिया।
इस घटना को लेकर कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व से शिकायत की है। शिकायत करने वालों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ सोनिया गांधी को भी ईमेल भेजा है। इसके अलावा पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और महाराष्ट्र के पार्टी प्रभारी सिरीवेला प्रसाद को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई है।
शिकायत में कहा गया है कि महारैली के दौरान कुछ कांग्रेस सांसदों का व्यवहार ठीक नहीं था और इस तरह की घटनाओं से पार्टी की छवि पर असर पड़ता है। शिकायत करने वाले पदाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले में बस के अंदर हुई घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो को शिकायत के साथ पार्टी के बड़े नेताओं को भेजा गया है। अब यह मामला कांग्रेस के अंदर चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल इस पूरे विवाद पर पार्टी आलाकमान की ओर से किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं और दोनों सांसदों के बीच हुए विवाद को लेकर पार्टी क्या फैसला करती है।
