राज्य

दिल्ली के रोहिणी में बुजुर्ग की हत्या का ढाई घंटे में खुलासा, भांजी समेत 3 गिरफ्तार; एक आरोपी फरार

रोहिणी सेक्टर-3 में बुजुर्ग राकेश खन्ना की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब ढाई घंटे में केस सुलझाने का दावा किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक वारदात लूट के इरादे से की गई थी। पुलिस ने एक लड़की समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि हिमांशु नाम का आरोपी फरार है।

घर में अचेत मिले थे राकेश खन्ना

पुलिस के मुताबिक मंगलवार 1 सितंबर की शाम करीब 7:40 बजे सूचना मिली कि रोहिणी सेक्टर-3 स्थित एक घर में एक व्यक्ति अचेत हालत में पड़ा है। घर का दरवाजा खुला हुआ था। परिजन राकेश खन्ना को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और कुछ कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

CCTV से संदिग्ध लड़की तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को एक लड़की की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उसकी पहचान सिमरन के रूप में हुई, जिसे पुलिस के अनुसार मृतक के परिवार की करीबी और उनकी भांजी बताया जा रहा है।

दिल्ली के रोहिणी में बुजुर्ग की हत्या का ढाई घंटे में खुलासा, भांजी समेत 3 गिरफ्तार; एक आरोपी फरार

पुलिस ने सिमरन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अपने दोस्त हिमांशु और उसके दो साथियों चिराग व पारस के साथ मिलकर वारदात की साजिश रचने की बात बताई।

80 लाख में फ्लैट बेचने की जानकारी

पुलिस के अनुसार सिमरन को जानकारी थी कि राकेश खन्ना ने हाल ही में करीब 80 लाख रुपये में एक फ्लैट बेचा था। आरोप है कि फ्लैट की बिक्री से मिली रकम को सोने में बदला गया था। इसी सोने और घर में मौजूद अन्य कीमती सामान को लूटने के इरादे से कथित तौर पर साजिश रची गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी। 30 अगस्त को भी रेकी किए जाने की बात सामने आई है।

परिवार को मेले भेजकर बनाया प्लान

पुलिस के मुताबिक साजिश के तहत सिमरन ने अपनी मौसी और परिवार के अन्य सदस्यों को मेला देखने के लिए बाहर जाने के लिए तैयार किया। मंगलवार शाम परिवार के लोग मेले में चले गए और राकेश खन्ना घर में अकेले रह गए।

इसके बाद चिराग और पारस कथित तौर पर डिलीवरी बॉय बनकर घर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन राकेश खन्ना ने दरवाजा नहीं खोला। दोनों ने इसकी जानकारी सिमरन को दी।

घर में घुसकर लूट की वारदात का आरोप

इसके बाद सिमरन मेले से वापस आई और कथित तौर पर घर का दरवाजा खुलवाया। पुलिस के मुताबिक चिराग और पारस घर के अंदर दाखिल हुए और उन्होंने बुजुर्ग का मुंह दबा दिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों घर में रखे कैश और ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार वारदात के दौरान सिमरन और हिमांशु बिल्डिंग के नीचे खड़े होकर निगरानी कर रहे थे।

72 हजार रुपये और सोने की अंगूठियां बरामद

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को घर में उनकी उम्मीद के मुताबिक सोना नहीं मिला। सिमरन से पूछताछ के बाद पुलिस ने चिराग और पारस को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से करीब 72 हजार रुपये और सोने की दो अंगूठियां बरामद किए जाने का दावा किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी हिमांशु की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button