राज्यराजनीति

विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल

हरियाणा के रोहतक जिले में महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और आरोपी के बीच खरकड़ा गांव के पास राजा वाली सड़क पर हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

महम के डीएसपी तरुण शर्मा के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग की घटना में शामिल एक बदमाश बाइक से किसी नई वारदात को अंजाम देने के लिए महम क्षेत्र की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी। जब पुलिस ने आरोपी को रुकने का संकेत दिया तो उसने बाइक तेज कर भागने की कोशिश की।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

पुलिस के पीछा करने पर आरोपी की बाइक फिसल गई और वह खेतों की ओर भागने लगा। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लग गई। घायल होने के बाद उसे काबू कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल

‘छोटा हाथी’ गैंग से जुड़े होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाश की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष है और वह लाखन माजरा क्षेत्र का निवासी है। पुलिस को उसके कुख्यात सुमित उर्फ ‘छोटा हाथी’ गैंग से जुड़े होने की आशंका है। हालांकि पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि विधायक कार्यालय पर फायरिंग के पीछे असली मकसद क्या था। घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

थाने के सामने हुई थी दुस्साहसिक वारदात

गौरतलब है कि 20 जून की देर रात करीब 1:15 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने महम स्थित कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर चार राउंड फायरिंग की थी। हैरानी की बात यह थी कि यह वारदात पुलिस स्टेशन के ठीक सामने हुई और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन पर सवाल उठे थे, जिसके चलते पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग के पीछे किसका हाथ था। साथ ही फरार दूसरे बदमाश की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button