राज्यदेश

राम की पैड़ी से सरयू आरती तक, अयोध्या में शुरू हुआ खास धार्मिक टूर पैकेज

Uttar pardesh news(Glob ltimes):  अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अब अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल के जरिए सिर्फ 6 घंटे में रामनगरी के कई प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों के दर्शन किए जा सकेंगे। दीपोत्सव 2026 से पहले योगी सरकार ने पर्यटकों की सुविधा के लिए यह नई शुरुआत की है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम यानी यूपीएसटीडीसी ने एक दिन का खास टूर पैकेज तैयार किया है जिसकी शुरुआत 1 नवंबर से होगी।

इस यात्रा में श्रद्धालुओं को गाइड के साथ अयोध्या के प्रमुख मंदिरों घाटों और धार्मिक जगहों पर ले जाया जाएगा। इसके लिए रोजाना दो बैच चलेंगे। पहला बैच सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरा बैच दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा। दोनों यात्राओं की शुरुआत लता मंगेशकर चौक से होगी।

इस पैकेज में सबसे पहले पर्यटकों को रामायण वैक्स म्यूजियम ले जाया जाएगा। यहां भगवान श्रीराम माता सीता और रामायण के दूसरे पात्रों की मोम से बनी प्रतिमाएं देखने को मिलेंगी। इसके बाद सूर्य कुंड गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।

यात्रा में गुप्तार घाट झुनकी घाट लक्ष्मण किला शेषावतार मंदिर स्वर्गद्वार राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी शामिल रहेंगे। यानी एक ही दिन में पर्यटकों को अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी कई खास जगहों को देखने का मौका मिलेगा।

इस यात्रा का आखिरी पड़ाव सरयू घाट होगा जहां श्रद्धालु मां सरयू की आरती में शामिल होंगे। यहां दीप जलाए जाएंगे पूजा होगी और भक्ति गीतों के बीच आरती की जाएगी। इसके बाद सभी पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 14 कोसी परिक्रमा का अयोध्या में खास धार्मिक महत्व है। वहीं यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात के मुताबिक इस पैकेज को खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

इस पहल से उन लोगों को काफी मदद मिलेगी जो कम समय में अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button