मनोरंजन

सौरव दास को सलाह देने पर पूर्व जज संजय किशन कौल ने तोड़ी चुप्पी

CJP नेता सौरव दास को मेंटर करने की बात गलत है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संजय किशन कौल ने इस मामले में अपनी बात साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि सौरव दास से उनकी मुलाकात एक पत्रकार के तौर पर हुई थी और उन्होंने कभी उनका मार्गदर्शन नहीं किया। हां इतना जरूर है कि बातचीत के दौरान उन्होंने दास को अपनी भाषा थोड़ी संभालकर इस्तेमाल करने की सलाह दी थी।

यह मामला कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के कार्यकर्ताओं के जंतर मंतर पर प्रदर्शन को लेकर चल रहे विवाद के बीच सामने आया है। पूर्व जज संजय किशन कौल ने समाचार एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में बताया कि उनकी और सौरव दास की मुलाकात को अब गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। एक तस्वीर के आधार पर यह दिखाने की कोशिश हो रही है कि दोनों के बीच खास संबंध हैं या वह दास के मेंटर रहे हैं।

संजय किशन कौल ने बताया कि करीब एक साल पहले दिवाली के समय सौरव दास ने उनसे मिलने की इच्छा जताई थी। उस समय वह किसी दूसरी जगह जाने वाले थे लेकिन कुछ देर के लिए मिलने को तैयार हो गए। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी से कहकर वहां करीब दस मिनट के लिए गए थे और कॉफी पीने के बाद वापस लौट आए। उनके मुताबिक उस समय सौरव दास आज की तरह चर्चा में भी नहीं थे।

पूर्व जज ने कहा कि उनकी पीढ़ी में बातचीत के दौरान भाषा को लेकर ज्यादा सावधानी बरती जाती थी। वहीं आज की नई पीढ़ी खासकर जेनरेशन जेड का बोलने का तरीका अलग है। कई बार इस वजह से पुरानी पीढ़ी के लोगों को कुछ बातें ठीक नहीं लगती हैं।

संजय किशन कौल ने कहा कि वह हमेशा यही सलाह देंगे कि बातचीत में शब्दों का इस्तेमाल थोड़ा सोच समझकर किया जाए। उनके मुताबिक कई बार भाषा ऐसी होती है जिससे सामने वाले को परेशानी हो सकती है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह CJP के युवा कार्यकर्ताओं को भी अपना रवैया बदलने की सलाह देंगे तो उन्होंने साफ मना कर दिया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि वह किसी को सलाह नहीं देना चाहते क्योंकि अगले दिन यह खबर बन सकती है कि वह इन कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना था कि कई बार कही गई बात का मतलब कुछ और निकाल लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button