NEET छात्रों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर रुके पीएम मोदी, फैसले की हो रही चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को एक ऐसा कदम उठाया जिसकी देशभर में चर्चा हो रही है। सूत्रों के अनुसार, दोपहर 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सीधे अपने आवास जाने के बजाय कुछ समय तक एयरपोर्ट पर ही रुकने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि यह फैसला NEET-UG परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया।
ट्रैफिक प्रभावित न हो, इसलिए लिया फैसला
रविवार को देशभर में NEET-UG परीक्षा आयोजित की जा रही थी, जिसकी शुरुआत दोपहर 2 बजे से होनी थी। बड़ी संख्या में छात्र और उनके अभिभावक परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हो रहे थे। ऐसे में प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के कारण दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका थी। इसी संभावना को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट से निकलने में देरी करने का फैसला किया, ताकि छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
छात्रों की सुविधा को दी प्राथमिकता
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री का यह निर्णय पूरी तरह छात्रों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया। इससे दिल्ली में किसी बड़े ट्रैफिक व्यवधान की स्थिति नहीं बनी और परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को समय पर अपने केंद्रों तक पहुंचने में मदद मिली। प्रशासनिक स्तर पर इस कदम को संवेदनशील और दूरदर्शी निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर हो रही सराहना
जैसे ही प्रधानमंत्री के इस फैसले की जानकारी सामने आई, सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने इसे छात्रों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदार नेतृत्व का उदाहरण बताया। NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में लाखों छात्रों का भविष्य जुड़ा होता है, ऐसे में ट्रैफिक जैसी छोटी बाधा भी उनके प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है।
पहले भी छात्रों से जुड़े मुद्दों पर दिखा चुके हैं चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे समय से छात्रों और शिक्षा से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते रहे हैं। ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से वे विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हैं और परीक्षा के तनाव को कम करने के लिए उन्हें प्रेरित करते हैं। बताया जा रहा है कि NEET परीक्षा शुरू होने के बाद ही प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हुए।