दिल्ली के लाल किले को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच में फर्जी निकला कॉल

राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। इसके बाद नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। हालांकि, जांच और तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने इस कॉल को फर्जी करार दिया।
एक दिन पहले सचिवालय को भी मिली थी धमकी
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय और लाल किले को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने दोनों स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, पूरे परिसर की गहन जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियां ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई कर रही हैं।

स्कूलों तक पहुंचीं धमकियां, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
हाल के दिनों में राजधानी के कई स्कूलों को भी बम की धमकी वाले ईमेल मिले थे। इन घटनाओं के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य एजेंसियों ने संबंधित परिसरों की तलाशी ली थी, लेकिन सभी मामलों में कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए दिल्ली पुलिस साइबर और तकनीकी जांच के जरिए इन फर्जी संदेशों और कॉल करने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुराने धमाका मामले की भी चल रही जांच
इसी बीच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पिछले वर्ष लाल किला क्षेत्र में हुए कार बम विस्फोट मामले में अदालत में फोरेंसिक रिपोर्ट दाखिल की है। इस मामले में पहले ही विस्तृत चार्जशीट और पूरक चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। अदालत ने आरोपियों की न्यायिक हिरासत भी बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि लाल किला जैसे संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की धमकी को हल्के में नहीं लिया जाएगा।
