राज्यराजनीति

पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल ध्वस्त; 9 गिरफ्तार, हथियार और पेट्रोल बम बरामद

पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में चार नाबालिगों समेत कुल नौ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, पेट्रोल बम और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

9 आरोपी गिरफ्तार, हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में तरनतारन के पट्टी निवासी वंश कुमार (19) और अनमोल सिंह (20), अमृतसर निवासी हरमन सिंह (24), सुखदेव सिंह (30) और सुखमन सिंह (19) शामिल हैं। इनके अलावा चार नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन अवैध पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस, चार पेट्रोल बम और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। एक अलग कार्रवाई में दो नाबालिगों के पास से .32 बोर की देसी पिस्तौल, दो पेट्रोल बम और एक लाइटर भी बरामद किया गया।

ISI हैंडलर्स के इशारे पर चल रहा था नेटवर्क

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, उनका मकसद स्थानीय युवाओं को आतंकी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल करना, सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करना, अवैध हथियार जुटाना और प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगाड़ना था।

पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल ध्वस्त; 9 गिरफ्तार, हथियार और पेट्रोल बम बरामद

रेलवे ट्रैक के पास लगाए थे निगरानी कैमरे

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सर्विलांस कैमरे लगाए थे। इन कैमरों में रिकॉर्ड होने वाली गतिविधियों का फुटेज कथित तौर पर विदेश में बैठे ISI हैंडलर्स को भेजा जाता था, ताकि संवेदनशील स्थानों और सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

इस मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन थाना क्षेत्रों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं और जांच जारी है।

डीजीपी बोले- नेटवर्क के बाकी कनेक्शन तलाशे जा रहे

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने, फंडिंग के स्रोतों का पता लगाने, विदेशों से जुड़े संपर्कों की जांच करने और अन्य संभावित आतंकी गतिविधियों की पड़ताल में जुटी हैं।

उन्होंने कहा कि बरामद पेट्रोल से भरी बोतलों का इस्तेमाल देसी बम के रूप में किया जाना था। पुलिस सभी तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पूरे मॉड्यूल की गहन जांच कर रही है।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

पंजाब में पिछले कुछ समय से हथियारों की तस्करी, ड्रोन के जरिए सप्लाई और सीमा पार से संचालित आतंकी गतिविधियों के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि राज्य में सक्रिय ऐसे सभी नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button