PoK में पाकिस्तानी सेना की बर्बरता! निहत्थे लोगों पर रॉकेट और ड्रोन से हमला

INTERNATIONAL NEWS(Globl times): पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। यहां पिछले करीब पांच महीने से लोग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। अब इन प्रदर्शनों को रोकने के लिए पाकिस्तानी सेना पर बेहद खतरनाक हथियारों के इस्तेमाल के आरोप लगे हैं। दावा किया जा रहा है कि रावलकोट में निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर ड्रोन से बम गिराए गए और रॉकेट से भी हमला किया गया। इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई है जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक रावलकोट में प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पाकिस्तानी रेंजर्स और फ्रंटियर कोर यानी FC ने सुबह करीब 8 बजे से गोलीबारी शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान सिर्फ गोलियां ही नहीं चलाई गईं बल्कि ऐसे हथियारों का भी इस्तेमाल हुआ जो आमतौर पर युद्ध के मैदान में इस्तेमाल किए जाते हैं। इससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
इस मामले को लेकर प्रदर्शन के प्रमुख आयोजक सरदार उमर नजीर ने कई अहम सबूत सामने रखे हैं। उन्होंने उमर फारूक चौक पर लोगों को ड्रोन से गिराए गए बमों के पुर्जे दिखाए। उनका दावा है कि ये बम प्रदर्शनकारियों और आम नागरिकों के घरों पर गिराए गए थे।
इसके अलावा रावलकोट बस टर्मिनल के पास से RPG-7 रॉकेट का टेल फिन भी बरामद होने की बात सामने आई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए जरूरत से ज्यादा ताकत का इस्तेमाल किया और निहत्थे लोगों को निशाना बनाया।
सरदार उमर नजीर ने दुनिया भर की मानवाधिकार संस्थाओं से इस पूरे मामले पर ध्यान देने और इसकी निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
PoK में लगातार जारी विरोध प्रदर्शन और अब सामने आए इन गंभीर आरोपों ने पाकिस्तान की सेना की कार्रवाई पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इन घटनाओं को लेकर सभी दावों की स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
