गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर पंजाब सरकार का भव्य आयोजन, होंगे कई ऐतिहासिक कार्यक्रम

पंजाब सरकार ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने की घोषणा की है। इस अवसर पर राज्यभर के साथ-साथ देश और विदेश में भी गुरु रविदास जी की वाणी और उनके संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। चंडीगढ़ में कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सरकार सामाजिक समरसता और गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कई विशेष आयोजन करेगी।
विश्वविद्यालयों में होंगे सेमिनार, कीर्तन और ड्रोन शो
सरकार की योजना के तहत पंजाब के सभी विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में लेक्चर, वर्कशॉप और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा राज्यभर में कीर्तन समागम, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी को गुरु रविदास जी के संदेश से जोड़ा जा सके।

650 एकड़ की रविदास बगीची और लाखों पौधों का रोपण
पर्यावरण संरक्षण को भी इस महाअभियान से जोड़ते हुए पंजाब सरकार 650 एकड़ में ‘गुरु रविदास बगीची’ विकसित करेगी। इसके साथ ही राज्य के प्रत्येक जिले में कुल 6 लाख 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे। सरकार का मानना है कि यह पहल गुरु रविदास जी के प्रकृति और मानवता के संदेश को भी आगे बढ़ाएगी।
शोभायात्राएं, मैराथन और राज्य स्तरीय समारोह
650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब के सभी जिलों में मैराथन दौड़, साइकिल रैली और शोभायात्राओं का आयोजन किया जाएगा। विशेष शोभायात्राएं जम्मू, बठिंडा और वाराणसी से श्री खुरालगढ़ साहिब तक निकाली जाएंगी। इस श्रृंखला का समापन मीनार-ए-बेगमपुरा में आयोजित राज्य स्तरीय भव्य समारोह के साथ होगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
