राज्य

गुरुग्राम में व्यापारी पर हमले के बाद पुलिस एनकाउंटर, दीपक नांदल गैंग को बड़ा झटका

दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक में शुक्रवार रात करीब 9 बजे पुलिस और गैंगस्टर दीपक नांदल के शूटर्स के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों ओर से करीब 60 राउंड फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

रंगदारी नहीं देने पर व्यापारी को बनाया निशाना

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विदेश में बैठकर कथित रूप से रंगदारी का नेटवर्क संचालित करने वाले गैंगस्टर दीपक नांदल ने गुरुग्राम के एक व्यापारी से रंगदारी की मांग की थी। व्यापारी द्वारा पैसे देने से इनकार करने के बाद पांच शूटरों को उसके घर पर फायरिंग करने के लिए भेजा गया। पुलिस को पहले से इस मूवमेंट की सूचना मिल गई थी और टीम मौके पर तैनात थी।

गुरुग्राम में व्यापारी पर हमले के बाद पुलिस एनकाउंटर, दीपक नांदल गैंग को बड़ा झटका

सरेंडर की चेतावनी के बाद शुरू हुई गोलीबारी

पुलिस के अनुसार, जब शूटर व्यापारी के घर पर फायरिंग कर रहे थे, तभी पुलिस टीम वहां पहुंच गई। पुलिस ने आरोपियों को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 60 गोलियां चलीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

विदेशी पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने मौके से पांच पिस्तौल बरामद की हैं, जिनमें तीन विदेशी अत्याधुनिक (सॉफिस्टिकेटेड) पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस भी मिले हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी जिस काले रंग की स्कॉर्पियो में आए थे, वह किराये पर ली गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गैंग के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button