राज्यराजनीति

देहरादून में आज से ‘लोक संवर्धन पर्व’, देशभर की कला, संस्कृति और स्वाद का होगा भव्य संगम

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का परेड ग्राउंड 11 से 15 जुलाई तक देश की विविध सांस्कृतिक विरासत का गवाह बनने जा रहा है। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा उत्तराखंड सरकार के सहयोग से आयोजित ‘लोक संवर्धन पर्व’ के छठे संस्करण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि इस आयोजन में आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

150 स्टॉल पर दिखेगी भारत की सांस्कृतिक विरासत

पांच दिवसीय महोत्सव में देशभर के करीब 150 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, लोक कला और विरासत शिल्प का प्रदर्शन होगा। इनमें लगभग 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड के स्थानीय कारीगरों को समर्पित होंगे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प, अजरख ब्लॉक प्रिंटिंग, लाख की चूड़ियां, लकड़ी और पीतल की कलाकृतियां, टेराकोटा, बांस और बेंत से बने उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं फूड कोर्ट में गढ़वाली, कुमाऊँनी, राजस्थानी, महाराष्ट्रीयन और लखनवी व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को मिलेगा।

देहरादून में आज से 'लोक संवर्धन पर्व', देशभर की कला, संस्कृति और स्वाद का होगा भव्य संगम

कारीगर सीखेंगे डिजिटल मार्केटिंग और मिलेगा नया बाजार

महोत्सव केवल खरीदारी तक सीमित नहीं रहेगा। यहां मास्टर कारीगर लाइव डेमो देंगे और उद्यमियों के लिए डिजिटल मार्केटिंग तथा उद्यमिता पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे स्थानीय शिल्पकार अपने उत्पादों को ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाने की तकनीक सीख सकेंगे। साथ ही खरीदार और विक्रेताओं के बीच संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे कारीगरों को नए व्यावसायिक अवसर मिलेंगे।

तलत अजीज से लेकर परमिश वर्मा तक, सांस्कृतिक शामें होंगी खास

हर शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन दिवस पर मशहूर ग़ज़ल गायक तलत अजीज अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद सूफी गायिका ज्योति नूरां, पंजाबी स्टार परमिश वर्मा, उत्तराखंड के लोक कलाकार किशन महिपाल, माया उपाध्याय, विवेक नौटियाल और लोकप्रिय लोक बैंड पांडवाज अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। आयोजन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button