
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले का दौरा करेंगे। उनका यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे मुक्तसर पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने पर इस दौरे का विशेष फोकस रहेगा।
गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब में करेंगे मत्था टेक
मुक्तसर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर आशीर्वाद लेना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इसके बाद वे पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

नारायणगढ़ पैलेस में होगी महत्वपूर्ण बैठक
मुख्यमंत्री मलोट रोड स्थित नारायणगढ़ पैलेस में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में पार्टी के राज्य स्तरीय नेता और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति की समीक्षा करना, कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेना और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करना है।
कार्यकर्ताओं में बढ़ेगा उत्साह
स्थानीय भाजपा नेताओं का मानना है कि मुख्यमंत्री के इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। पार्टी पिछले कुछ समय से जिले में लगातार संगठनात्मक बैठकें कर रही है और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी हुई है। नेताओं का कहना है कि इस दौरे के जरिए क्षेत्रीय समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा। लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से यह दौरा भाजपा के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
