राज्य

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शुभम पंडित गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय लूट गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुख्यात शुभम पंडित गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कपासहेड़ा इलाके में एक चांदी कारोबारी से हुई लूट की वारदात के बाद की गई। पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 की रात समालखा निवासी एक चांदी कारोबारी अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था। उसके पास करीब साढ़े तीन किलो चांदी के आभूषण थे, जिनकी कीमत 7 से 8 लाख रुपये बताई गई है। रास्ते में बदमाशों ने उसकी स्कूटी रोककर लूट की कोशिश की और हथियार के बल पर बैग छीनने का प्रयास किया।

लोगों के पहुंचने पर बदमाशों ने की फायरिंग

लूट के दौरान कारोबारी ने विरोध किया, जिससे बदमाशों और पीड़ित के बीच संघर्ष शुरू हो गया। इसी दौरान एक आरोपी की पिस्तौल सड़क पर गिर गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और बदमाशों पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। खुद को घिरता देख आरोपी बाइक से भाग निकले और भीड़ में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए कपासहेड़ा थाना पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मोबाइल लोकेशन डेटा का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस टीम उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक पहुंची। 14 जून को गौतमबुद्ध नगर से जोगिंदर उर्फ मुकेश को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर हरियाणा के पलवल से सुनील, हापुड़ से गुलजार और करनाल से अभिषेक उर्फ चिट्टा को गिरफ्तार कर लिया गया।

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शुभम पंडित गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार

भारी नकदी और हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 लाख रुपये नकद, तीन देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गुलजार ने पहले कारोबारी की रेकी की थी और उसी के आधार पर लूट की पूरी साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है और यह लंबे समय से लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों में सक्रिय था।

सरगना पर था एक लाख का इनाम

पुलिस के मुताबिक सुनील इस गैंग का सरगना है और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ चार हत्याओं सहित 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जोगिंदर पर 12, अभिषेक पर 5 और गुलजार पर भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि यही गिरोह फिरोजाबाद लूटकांड और फरीदाबाद रंगदारी मामले में भी शामिल था। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और अपराधों की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button