राज्यराजनीति

बांकीपुर उपचुनाव: 12 साल बाद ग्रेजुएशन करने वाले BJP उम्मीदवार नीरज सिन्हा चर्चा में

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के युवा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा इन दिनों चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। 32 वर्षीय नीरज पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन के बाद सामने आए उनके चुनावी हलफनामे में पता चला कि उन्होंने 2012 में मैट्रिक पास करने के बाद 2024 में मगध विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन पूरा किया, यानी 12 साल के अंतराल के बाद उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा पूरी की।

नामांकन में जुटे बीजेपी के बड़े नेता

बांकीपुर सीट के लिए 13 जुलाई को नामांकन की अंतिम तिथि थी। इस सीट पर बीजेपी ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज से प्रशांत किशोर, आरजेडी से रेखा कुमारी गुप्ता और जनशक्ति जनता दल से वीणा मानवी चुनावी मैदान में हैं। नीरज सिन्हा के नामांकन के दौरान बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बांकीपुर उपचुनाव: 12 साल बाद ग्रेजुएशन करने वाले BJP उम्मीदवार नीरज सिन्हा चर्चा में

न मकान, न आपराधिक मामला, सीमित संपत्ति

चुनावी हलफनामे के मुताबिक नीरज सिन्हा पटना के मीठापुर के निवासी हैं। उनके पास 12.28 लाख रुपये की चल संपत्ति और करीब 8 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। उनके नाम पर कोई आवासीय मकान, फ्लैट या व्यावसायिक भवन नहीं है। उन पर किसी प्रकार का कर्ज या आपराधिक मामला भी दर्ज नहीं है। उन्होंने अपनी आय का स्रोत खेती और अन्य कार्यों को बताया है तथा वे अविवाहित हैं।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि तत्कालीन विधायक नितिन नबीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। बीजेपी ने पहले अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनके नाम वापस लेने के बाद पार्टी ने नीरज सिन्हा को मैदान में उतारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button