
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर राज्य की एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला है. मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले छह महीनों के भीतर दो मुख्यमंत्री देखने को मिले हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले चुने हुए मुख्यमंत्री थे लेकिन अब “सिलेक्टेड सीएम” काम कर रहे हैं. तेजस्वी यादव ने गृह विभाग संभाल रहे सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर पहुंच चुका है जबकि सरकार लगातार नारी सशक्तीकरण की बातें करती रहती है. उनके बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है.
महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर सरकार पर सवाल
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में बेटियां और महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं. उन्होंने दावा किया कि अपराधी लगातार महिलाओं पर कहर बनकर टूट रहे हैं और आम लोग भय और चिंता के माहौल में जी रहे हैं. उन्होंने कहा कि गैंगरेप और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं लेकिन सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हो रही है. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब आपराधिक घटनाएं न होती हों. उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है लेकिन मौजूदा हालात में महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ा सवाल बन चुकी है.

अपराध की घटनाएं गिनाकर सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने हाल के कई मामलों का जिक्र करते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल को दरभंगा और सहरसा में गैंगरेप की घटनाएं हुईं. 17 अप्रैल को लखीसराय में दरिंदगी के बाद हत्या का मामला सामने आया. इसके अलावा ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली नाबालिग के साथ दुष्कर्म और मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ रेप जैसी घटनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया. तेजस्वी ने कहा कि ये केवल कुछ दिनों के आंकड़े हैं और राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को यह तक नहीं पता कि राज्य की बड़ी संख्या में महिलाएं एनीमिया जैसी समस्याओं से जूझ रही हैं. उनके अनुसार बिहार में सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों मोर्चों पर हालात गंभीर हैं.
एनकाउंटर राजनीति और जाति आधारित कार्रवाई का आरोप
हाल ही में बिहार पुलिस द्वारा किए गए कई एनकाउंटरों को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं. बीते दो दिनों में सीवान और पटना में हुए पुलिस एनकाउंटर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ कब सख्त कार्रवाई होगी. तेजस्वी ने कहा कि राज्य की जनता कानून व्यवस्था को लेकर डरी हुई है और सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त है. उनके इन आरोपों के बाद बिहार की सियासत और गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.
