राजनीतिराज्य

2027 चुनाव पर शिवपाल यादव का बड़ा दावा, बोले- पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी सपा

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने फिरोजाबाद में भारतीय जनता पार्टी और योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि 2027 में सपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

‘बीजेपी सरकार ने जनता के लिए कुछ नहीं किया’

शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश की जनता के हित में कोई ठोस काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं। उनके अनुसार, जनता इन मुद्दों से परेशान है और 2027 में बदलाव का मन बना चुकी है।

ओम प्रकाश राजभर पर साधा निशाना

सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के लगातार अखिलेश यादव पर दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा, “उनकी बातों का कोई मतलब नहीं है। उन्हें अच्छे इलाज की जरूरत है। कोई विशेषज्ञ डॉक्टर ही उनका इलाज कर सकता है।”

2027 चुनाव पर शिवपाल यादव का बड़ा दावा, बोले- पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी सपा

राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले पर भी शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में छोटे कर्मचारियों को फंसाया जा रहा है, जबकि बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

‘सपा कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार’

शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता 2027 के चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र, संविधान और कानून की भावना के अनुरूप काम नहीं कर रही है तथा लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।

कांग्रेस के साथ गठबंधन पर भी दिया बयान

कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल समाजवादी पार्टी का कांग्रेस के साथ गठबंधन है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता बदलाव चाहती है और 2027 में समाजवादी पार्टी को सत्ता सौंपेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button