दिल्ली के लोधी कॉलोनी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, शादी के ढाई महीने बाद मिला शव

दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पालिका कुंज एनडीएमसी सोसाइटी में 28 वर्षीय नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान संगम विहार निवासी आकृति के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज ढाई महीने पहले हुई थी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
शादी के ढाई महीने बाद मिली लाश
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे पालिका कुंज एनडीएमसी सोसाइटी में लोगों ने एक युवती का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान संगम विहार निवासी 28 वर्षीय आकृति के रूप में की।
जानकारी के मुताबिक, आकृति की शादी 24 अप्रैल 2026 को हुई थी और वह छतरपुर में एक सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर कार्यरत थी।

मां से आखिरी बार की थी बात
परिजनों ने बताया कि शनिवार को आकृति ने अपने दोस्तों को शादी की पार्टी दी थी। शाम के समय उसने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह घर के पास मेट्रो स्टेशन पहुंच गई है। इसके कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।
रात करीब 9 बजे उसका शव लोधी कॉलोनी स्थित पालिका कुंज आवासीय परिसर में मिला।
परिवार ने उठाए कई सवाल
परिजनों का कहना है कि पालिका कुंज सोसाइटी से आकृति का कोई संबंध नहीं था। वहां न तो उसका कोई रिश्तेदार रहता है और न ही उसका किसी तरह का आना-जाना था। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह उस सोसाइटी तक कैसे और किसके साथ पहुंची।
पुलिस और SDM कर रहे जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चूंकि शादी को सात वर्ष से कम समय हुआ था, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत एसडीएम (SDM) को भी मामले की सूचना दे दी गई है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आकृति आखिरी बार किसके संपर्क में थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
