बहादुरगढ़ एनकाउंटर: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो इनामी शूटर ढेर, जिम संचालक हत्याकांड में थे वांछित

हरियाणा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो इनामी बदमाशों को बहादुरगढ़ में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। दोनों आरोपी हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या के मामले में वांछित थे और उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
हांसी हत्याकांड के मुख्य आरोपी थे दोनों शूटर
पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाशों की पहचान प्रवेश (निवासी तिब्बा दानाशेर, हिसार) और हिमांशु (निवासी जाखोद खेड़ा, हिसार) के रूप में हुई है। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे हांसी में जिम संचालक कपिल की दिनदहाड़े हत्या के मामले में फरार चल रहे थे।
पुलिस को मिली थी बड़ी वारदात की सूचना
हरियाणा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हथियारों से लैस होकर बहादुरगढ़ इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर हरियाणा एसटीएफ, दिल्ली स्पेशल सेल और अन्य पुलिस टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
पुलिस ने जब दोनों बदमाशों को घेरने की कोशिश की तो उन्होंने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।
तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों आरोपियों को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मी की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
एसपी ने क्या कहा?
एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि पिछले महीने हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या के मामले की जांच के दौरान प्रवेश और हिमांशु की पहचान मुख्य शूटरों के रूप में हुई थी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को दोनों के बहादुरगढ़ में मौजूद होने और किसी नए अपराध की योजना बनाने की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
