राज्य

Sachin Pilot: पंजाब में CM फेस नहीं उतारेगी कांग्रेस, पायलट बोले- मुख्य मुकाबला AAP से

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति को लेकर तस्वीर साफ करनी शुरू कर दी है। सचिन पायलट ने कहा कि पार्टी किसी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करेगी। उन्होंने नशा, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को चुनाव के प्रमुख मुद्दे बताते हुए AAP, BJP और अकाली दल पर भी निशाना साधा।

पंजाब में CM फेस घोषित नहीं करेगी कांग्रेस

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने शुक्रवार को जयपुर में मतदान के बाद पंजाब चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस किसी एक नेता को मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश नहीं करेगी। उनका कहना है कि पार्टी एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी और सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।

अमरिंदर सिंह की वापसी पर क्या बोले पायलट?

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चल रही अटकलों पर भी सचिन पायलट ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर उनकी किसी से चर्चा नहीं हुई है और पार्टी ने भी अभी उनके साथ इस संबंध में कोई संवाद नहीं किया है। ऐसे में फिलहाल वापसी को लेकर कोई आधिकारिक स्थिति सामने नहीं आई है।

Sachin Pilot: पंजाब में CM फेस नहीं उतारेगी कांग्रेस, पायलट बोले- मुख्य मुकाबला AAP से

नशा, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार होंगे बड़े मुद्दे

सचिन पायलट ने पंजाब चुनाव में तीन प्रमुख मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने नशा मुक्ति, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को कांग्रेस के लिए अहम चुनावी मुद्दे बताया। पायलट ने कहा कि पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य की अपनी अलग रणनीतिक और राष्ट्रीय अहमियत है। ऐसे में राज्य की सुरक्षा और सामाजिक स्थिति भी चुनावी बहस का हिस्सा बनेगी।

AAP और BJP-अकाली दल पर साधा निशाना

पायलट ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी बिखर चुकी है और बीजेपी का पंजाब में जनाधार नहीं है। उन्होंने अकाली दल को लेकर भी कहा कि वह पहले जैसी स्थिति में नहीं है। उनके मुताबिक बीजेपी और अकाली दल अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए एक-दूसरे का साथ लेने की कोशिश कर रहे हैं। पायलट ने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन पहले भी चुनाव में बुरी तरह हार चुका है और मुख्य मुकाबला कांग्रेस तथा AAP के बीच रहने की उम्मीद है।

जल्द शुरू होगा कांग्रेस का औपचारिक अभियान

पंजाब प्रभारी ने बताया कि वह एक सप्ताह के भीतर पंजाब का दौरा करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भी पंजाब दौरे की योजना है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जिम्मेदारी दी है और वह दो दिनों में प्रदेश के सभी प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। जल्द ही कांग्रेस औपचारिक चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी।

राजस्थान निकाय चुनाव पर भी सरकार को घेरा

जयपुर में मतदान के बाद सचिन पायलट ने राजस्थान के निकाय चुनाव को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कई बहाने बनाकर चुनाव टालने की कोशिश की और हाई कोर्ट की फटकार के बाद निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी ग्राम पंचायत और प्रधान प्रमुखों के चुनाव घोषित नहीं हुए हैं। पायलट ने दावा किया कि शहरों में विकास की रफ्तार थम गई है और राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति भी खराब है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निकाय चुनाव में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button