फरक्का संधि पर JDU का बड़ा बयान, हेम नारायण साह बोले- BJP और हमारी पार्टी का एजेंडा अलग

फरक्का संधि को लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। जेडीयू नेताओं ने समझौते की समीक्षा और बिहार का हिस्सा तय करने की मांग उठाई है। इसी बीच महाराजगंज विधायक हेम नारायण साह ने बीजेपी और जेडीयू के अलग-अलग राजनीतिक एजेंडे को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिस पर सियासी प्रतिक्रियाएं बढ़ सकती हैं।
फरक्का संधि पर जेडीयू ने उठाई आवाज
फरक्का संधि को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपना रुख स्पष्ट किया है। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा है कि यह मुद्दा सीधे बिहार से जुड़ा है। उनका कहना है कि बिहार का पानी बांग्लादेश जा रहा है। ऐसे में अगर संधि को आगे बढ़ाया जाता है तो बिहार का हिस्सा तय किए जाने के बाद ही कोई समझौता होना चाहिए।
1996 में हुआ था जल समझौता
फरक्का जल समझौता भारत और बांग्लादेश के बीच वर्ष 1996 में हुआ था। अब जेडीयू की ओर से इसे समाप्त करने की मांग उठाई गई है। पार्टी ने इसे बिहार के हितों से जोड़ते हुए जल बंटवारे और राज्य के हिस्से को लेकर सवाल खड़े किए हैं। इसी मुद्दे पर शुक्रवार को सीवान में जेडीयू नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

महाराजगंज विधायक ने BJP को लेकर क्या कहा?
सीवान स्थित सर्किट हाउस में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महाराजगंज से जेडीयू विधायक हेम नारायण साह से पूछा गया कि जब राज्य में सरकार जेडीयू और बीजेपी के साथ मिलकर चल रही है, तो यह मांग किससे की जा रही है।
इस पर विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि बीजेपी अलग पार्टी है और जेडीयू अलग पार्टी है। उन्होंने कहा कि दोनों दल भले ही एक साथ सरकार में हैं, लेकिन उनका एजेंडा अलग है।
बयान से बिहार की सियासत गरमाने के आसार
हेम नारायण साह के इस बयान को बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में अहम माना जा रहा है। गठबंधन सरकार में शामिल दोनों दलों के बीच कई मुद्दों पर अलग-अलग राजनीतिक रुख सामने आते रहे हैं। ऐसे में फरक्का संधि जैसे संवेदनशील जल समझौते पर जेडीयू की मांग और विधायक का बीजेपी को लेकर बयान सियासी बहस को और तेज कर सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई JDU नेता रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़हरिया से जेडीयू विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, जीरादेई से विधायक भीष्म प्रताप सिंह कुशवाहा और पार्टी के जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह भी मौजूद रहे। नेताओं ने फरक्का संधि को लेकर पार्टी के रुख और बिहार के हितों से जुड़े सवालों को सामने रखा।
दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे साह
हेम नारायण साह महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू के विधायक हैं। वह लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। अब उनके बयान के बाद सबकी नजर बीजेपी की प्रतिक्रिया पर है। खास तौर पर यह देखना अहम होगा कि गठबंधन की राजनीति के बीच बीजेपी इस बयान और फरक्का संधि को लेकर जेडीयू की मांग पर क्या रुख अपनाती है।
