
देहरादून के मोथरोवाला क्षेत्र में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम देश की जनता को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
मन की बात से मिलती है नवाचार और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे नवाचारों, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियानों, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे आम लोगों को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में हो रहे छोटे-छोटे प्रयास जब राष्ट्रीय मंच पर आते हैं तो लोगों का आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में बदलाव की गति तेज होती है।

उत्तराखंड की भूमिका और विकास यात्रा पर सीएम का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान, रक्षा, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के संतुलन के साथ आगे बढ़ रही है ताकि आने वाली पीढ़ियों को मजबूत आधार मिल सके। इस अवसर पर कई विधायक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
भाजपा संगठन ने बूथ स्तर तक सुना कार्यक्रम और किया संवाद
इसी क्रम में देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम को मातृ शक्ति के नेतृत्व में बूथ स्तर तक सुना गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह कार्यक्रम जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील पर उत्तराखंड में 62 हजार से अधिक परिवारों ने स्वगणना में भाग लिया है जो राज्य की जागरूकता को दर्शाता है। इसके साथ ही प्रदेश में जनगणना प्रक्रिया में पूर्ण भागीदारी का संकल्प दोहराया गया।
