राहुल गांधी का बड़ा बयान ज्ञानेश कुमार को हटाए बिना नहीं रुकेगा विपक्ष

NEW DELHI NEWS(Globl times): नई दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली के दौरान राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाना विपक्ष का पहला कदम होगा। राहुल गांधी ने यहां तक दावा किया कि ज्ञानेश कुमार को सीईसी के पद से हटाया जाएगा और उन्हें जेल भी जाना पड़ेगा।
रविवार को हुई इस महारैली में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद देश के करीब 15 फीसदी मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। राहुल गांधी ने कहा कि यह कोई छोटी बात नहीं है बल्कि इससे पूरे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव को चोरी का चुनाव बताते हुए कहा कि यह बात वह खुद से नहीं कह रहे हैं बल्कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के आधार पर अपनी बात रख रहे हैं। राहुल गांधी का आरोप है कि वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटने से लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे उनके लिए बुरा लगता है लेकिन उन्होंने देश की आवाज दबाने का काम किया है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे भी रात को सो नहीं पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। हम मोहब्बत करने वाले लोग हैं और देश में लोकतंत्र की आवाज को दबने नहीं देंगे।
रामलीला मैदान से राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है। INDIA गठबंधन लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है। वहीं राहुल गांधी के ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और जेल भेजने वाले बयान पर अब राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।
