राज्य

जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान, किसानों ने भरी हवाई उड़ान

नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान ने सिर्फ यात्रियों को नहीं बल्कि हजारों सपनों को भी नई ऊंचाई दी है। इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल किसानों की खुशी देखने लायक थी। जिन्होंने अपनी जमीन दी थी वही आज विकास की उड़ान के गवाह बने हैं।

जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुई ऐतिहासिक उड़ान

उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट से सोमवार को पहली उड़ान ने उड़ान भरी और सुबह करीब 9:55 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पहुंची। यह केवल एक नियमित हवाई सेवा की शुरुआत नहीं थी बल्कि प्रदेश के विकास के नए अध्याय का प्रतीक भी बन गई। इस खास यात्रा में 172 किसान शामिल थे जिन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी भूमि दी थी।

किसानों का सपना हुआ साकार

हवाई जहाज में सफर करने वाले अधिकांश किसानों के लिए यह पहला अनुभव था। वर्षों पहले जिन लोगों ने विकास के लिए अपनी जमीन दी थी आज वही लोग उस परियोजना का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहे थे। लखनऊ पहुंचने के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और इस उपलब्धि के लिए उनका आभार जताया।

जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान, किसानों ने भरी हवाई उड़ान

डॉक्टर हीरा राशिद की प्रेरणादायक कहानी

इस मुलाकात के दौरान किसान परिवार की बेटी और डॉक्टर हीरा राशिद ने अपनी संघर्ष भरी कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने वर्ष 2021 में बिना किसी कोचिंग के नीट परीक्षा पास की थी। मुआवजे से प्राप्त धनराशि ने उनकी एमबीबीएस की पढ़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रदेश के विकास के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

16 शहरों से जुड़ेगा जेवर एयरपोर्ट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इंडिगो एयरलाइंस ने घोषणा की है कि वह चरणबद्ध तरीके से इस एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक बड़े शहरों से जोड़ेगी। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बदलेगी तस्वीर

जेवर एयरपोर्ट केवल एक परिवहन परियोजना नहीं है। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश को व्यापार. उद्योग और लॉजिस्टिक्स के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। एक्सप्रेसवे. मेट्रो. डिफेंस कॉरिडोर और डेटा सेंटर जैसी परियोजनाओं के साथ यह एयरपोर्ट प्रदेश की आर्थिक ताकत को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button