होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा 2025 की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा, प्रशासन अलर्ट मोड में

जिले में 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस केंद्र प्रभारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों को पुलिस भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
11 परीक्षा केंद्रों का अनिवार्य निरीक्षण
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों का परीक्षा से पहले अनिवार्य निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही समय रहते दूर की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी केंद्र पर व्यवस्था में कमी पाई जाती है तो उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा, सुविधा और पारदर्शिता पर विशेष फोकस
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम की उपलब्धता और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश द्वार के पास क्लॉक रूम और प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी की व्यवस्था को अनिवार्य किया गया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने परीक्षा की शुचिता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और सुचारु यातायात प्रणाली सुनिश्चित की जाएगी।
25,920 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, तीन दिनों में छह पालियों में आयोजन
जिला प्रशासन के अनुसार इस परीक्षा में कुल 25,920 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्हें 11 केंद्रों पर तीन दिनों में छह पालियों में परीक्षा देनी होगी। प्रत्येक पाली में लगभग 4,320 परीक्षार्थी भाग लेंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी। प्रवेश परीक्षा केंद्र में परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले शुरू होकर आधा घंटे पहले बंद कर दिया जाएगा। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और परीक्षा की सफल व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
