
Siwan News (Globltimes) बिहार के सिवान में दीपावली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। महादेवा थाना क्षेत्र के झुनापुर गांव के पास रविवार देर रात दो बाइकों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। जिस समय लोग अपने घरों में दीपावली का त्योहार मना रहे थे उसी दौरान हुए इस हादसे की खबर ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहनी गांव निवासी गोलू कुमार रसूलपुर गांव निवासी मुकेश चौहान और गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सलाह गांव निवासी शनिष कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शनिष कुमार और गोलू एक बाइक पर सवार होकर गोलू के घर जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर मुकेश चौहान के साथ अभिषेक और एक अन्य गोलू सवार थे। ये सभी सीवान की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान झुनापुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना के बाद मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
सिवान में हुए इस हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के गांव पहुंची वहां परिवारों में चीख पुकार मच गई। दीपावली के दिन जिन घरों में खुशियां मनाई जा रही थीं वहां अब मातम पसरा हुआ है।
इस हादसे ने एक बार फिर रात के समय बाइक चलाते वक्त सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत को सामने ला दिया है।
