देशराज्य

लालू यादव ने कोर्ट में आरोपों से किया इनकार, अब गवाहों की होगी पेशी

BIHAR NEWS(Globl times):   बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर 15 साल पुराने मामले में सिवान कोर्ट ने आरोप गठित कर दिए हैं। यह मामला साल 2011 में दरौंदा विधानसभा उपचुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है। अब इस मामले में मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ेगी और गवाही की प्रक्रिया शुरू होगी।

जानकारी के मुताबिक लालू प्रसाद यादव इस मामले में शुक्रवार को सिवान कोर्ट में पेश हुए थे। कोर्ट में पहुंचने से पहले वे गुरुवार की शाम ही सिवान आ गए थे। यहां उन्होंने पचरूखी के एक होटल में रात बिताई और शुक्रवार सुबह अदालत में हाजिरी लगाने पहुंचे।

अदालत में सुनवाई के दौरान लालू प्रसाद यादव के खिलाफ आरोप तय किए गए। हालांकि उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को मानने से इनकार कर दिया। अब कोर्ट में इस मामले का ट्रायल चलेगा और गवाहों को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।

दरअसल पूरा मामला साल 2011 का है। उस समय बिहार के दरौंदा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहा था। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान लालू प्रसाद यादव ने बिना प्रशासनिक अनुमति के एक जनसभा की थी। इसके साथ ही धारा 144 लागू होने के बावजूद सभा करने और प्रतिबंध के बाद भी लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था।

इसी मामले को लेकर उस समय उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया था। मामला लंबे समय से अदालत में चल रहा है और अब करीब 15 साल बाद इस केस में आरोप गठित होने के बाद आगे की सुनवाई का रास्ता साफ हो गया है।

लालू यादव की पेशी और कोर्ट की इस कार्रवाई के बाद बिहार की राजनीति में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो सकती है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि ट्रायल के दौरान गवाहों के बयान और अदालत की आगे की सुनवाई में क्या कुछ सामने आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button