राज्य

तेज प्रताप यादव की टीम में प्रिया सिंह वत्स की एंट्री, जानिए कैसा रहा उनका राजनीतिक सफर

बिहार की राजनीति में तेज प्रताप यादव के एक फैसले ने नई चर्चा छेड़ दी है। जनशक्ति जनता दल में प्रिया सिंह वत्स को राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके राजनीतिक सफर, सामाजिक सक्रियता और अलग-अलग संगठनों से जुड़े अनुभव पर निगाहें टिक गई हैं।

तेज प्रताप के फैसले से चर्चा

जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने 7 सितंबर 2026 को प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया। इस फैसले के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में उनके नाम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

सवाल यह भी उठ रहा है कि तेज प्रताप ने संगठन की अहम जिम्मेदारी के लिए प्रिया सिंह वत्स को ही क्यों चुना। पार्टी की ओर से इसके पीछे उनके सांगठनिक अनुभव और प्रभावी संवाद क्षमता को प्रमुख वजह बताया गया है।

सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय

प्रिया सिंह वत्स सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ डिजिटल कंटेंट और आर्ट क्रिएशन से भी जुड़ी रही हैं। उनका राजनीतिक अनुभव किसी एक दल तक सीमित नहीं रहा।

वह विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की प्रदेश प्रवक्ता रह चुकी हैं। इसके अलावा श्री राजपूत करणी सेना में महिला प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं।

बिहार MLC चुनाव से पहले जन सुराज की बड़ी मांग, चुनाव आयोग से मतदाता सूची तैयार कराने की अपील

सामाजिक न्याय के मुद्दों पर मुखर

प्रिया सिंह वत्स की पहचान सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय आवाज के तौर पर भी सामने आई है। भोजपुर के बिलौटी गांव में भरत तिवारी की कथित पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद वह उनके पैतृक गांव पहुंची थीं।

उन्होंने परिवार से मुलाकात कर मदद का भरोसा जताया था। पटना के बंटी यादव हत्याकांड के बाद भी वह परिजनों के साथ खड़ी नजर आईं और न्याय की मांग उठाई।

कई राजनीतिक चेहरों के साथ दिखीं

प्रिया की राजनीतिक सक्रियता के कई रंग नजर आए हैं। उनकी तस्वीरें RJD कार्यालय और तेजस्वी यादव के साथ मंच पर सामने आती रही हैं। कांग्रेस नेताओं और श्याम रजक के साथ भी उनकी तस्वीरें चर्चा में रही हैं।

VIP में रहते हुए उन्होंने बांकीपुर में प्रशांत किशोर की पार्टी को हराने जैसे मुखर राजनीतिक बयान भी दिए थे।

तेज प्रताप ने बताई वजह

प्रिया सिंह वत्स की नियुक्ति की जानकारी तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने कहा कि उनके सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी की नीतियों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें सर्वसम्मति से राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है।

तेज प्रताप ने उम्मीद जताई कि उनकी नियुक्ति से JJD को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

नई जिम्मेदारी, नई राजनीतिक परीक्षा

राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद किसी भी राजनीतिक संगठन में सिर्फ बयान देने तक सीमित नहीं होता। पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाना और राजनीतिक हमलों का जवाब देना भी इसकी अहम जिम्मेदारी है।

प्रिया सिंह वत्स के सामने अब यही चुनौती होगी कि अलग-अलग राजनीतिक अनुभवों को JJD की लाइन के साथ किस तरह जोड़ा जाए। तेज प्रताप का भरोसा उन्हें मिला है, लेकिन आने वाला समय बताएगा कि वह इस भरोसे को बिहार की राजनीति में कितनी मजबूत पहचान में बदल पाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button