राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर महंत नृत्यगोपालदास का बड़ा बयान, बोले- दोषियों को मिले कड़ी से कड़ी सजा

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। ट्रस्ट की अहम बैठक से पहले राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मंदिर में हुई चोरी से वे बेहद आहत हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला बताया।
“यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था का सवाल”
महंत नृत्यगोपालदास ने कहा कि “श्रीराम लला सरकार के मंदिर में हुई दान चोरी से मैं बहुत आहत हूं। जिसने भी यह पाप किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुझे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है कि इस मामले में शामिल हर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रश्न है।”
उन्होंने यह भी अपील की कि इस संवेदनशील मामले का किसी भी व्यक्ति द्वारा निजी या राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

आज होगी ट्रस्ट की अहम बैठक
राम मंदिर ट्रस्ट की आज होने वाली बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा ट्रस्ट के लिए एक नए सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) की नियुक्ति पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद चंपत राय और अनिल मिश्रा ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा सौंप दिया था, हालांकि अब तक उनके इस्तीफे स्वीकार नहीं किए गए हैं।
ट्रस्ट की बैठक पर टिकी हैं सभी की निगाहें
राम मंदिर ट्रस्ट का गठन फरवरी 2020 में हुआ था। वर्तमान में ट्रस्ट में 14 सदस्य हैं और इसकी बैठक हर तीन महीने में आयोजित की जाती है। पिछली बैठक 21 मार्च को रामनवमी की तैयारियों को लेकर हुई थी। अब सभी की नजरें आज की बैठक पर टिकी हैं, जहां चोरी मामले के साथ-साथ ट्रस्ट के संगठनात्मक फैसलों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
