राज्य

कांवड़ यात्रा 2026: दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे से मिलेगा आसान रास्ता, नया ट्रैफिक प्लान तैयार

30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस और यातायात विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। एडीजी यातायात ए. सतीश गणेश ने मेरठ-रुड़की हाईवे (पुराना एनएच-58) का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंगलवार को मेरठ में जोन के अधिकारियों के साथ बैठक कर अंतिम रणनीति पर मुहर लगाई जाएगी।

ग्रीनफील्ड हाईवे पर डायवर्जन से मिलेगी राहत

नई योजना के तहत मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बागपत से दिल्ली तथा देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे (इकोनॉमिक कॉरिडोर) पर डायवर्ट किया जाएगा। इससे पुराना मेरठ-रुड़की हाईवे कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगा और सामान्य यातायात भी सुचारु रूप से चलता रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत देना है।

शिवरात्रि से पहले बंद हो जाते हैं प्रमुख हाईवे

11 अगस्त को महाशिवरात्रि होने के कारण 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होगी। हर साल लाखों कांवड़िये दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान की ओर जाते हैं, जिसके चलते मेरठ-रुड़की हाईवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कई दिनों तक यातायात प्रतिबंधित करना पड़ता है। शिवरात्रि से लगभग पांच-छह दिन पहले इन मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही लगभग बंद हो जाती है। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और उत्तराखंड के बीच संपर्क प्रभावित होता है।

कांवड़ यात्रा 2026: दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे से मिलेगा आसान रास्ता, नया ट्रैफिक प्लान तैयार

इन मार्गों से ग्रीनफील्ड हाईवे पर पहुंचेंगे वाहन

प्रशासन द्वारा तैयार प्रारंभिक योजना के अनुसार विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों को अलग-अलग स्थानों से ग्रीनफील्ड हाईवे पर भेजा जाएगा।

  • मेरठ-बागपत हाईवे से अग्रवाल मंडी टटीरी के रास्ते।
  • मेरठ-शामली-करनाल हाईवे पर फुगाना से आगे खेड़ा मस्तान के पास।
  • देवबंद फ्लाईओवर पार करने के बाद नागल और गागलहेड़ी के पास बने कट से नए हाईवे पर प्रवेश कराया जाएगा।

प्रशासन इस बात पर भी विचार कर रहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे को सामान्य वाहनों के लिए सुरक्षित रखा जाए और इस मार्ग पर कांवड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहे, ताकि दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड के बीच यातायात निर्बाध बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button