राजनीतिदेशराज्य

UP SIR पर BJP की बढ़ी चिंता 3 करोड़ से ज्यादा वोट कटने के मुद्दे पर सियासत तेज

Uttar Pradesh News(Globltimes):  उत्तर प्रदेश में UP SIR को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वोटर लिस्ट से लाखों नहीं बल्कि करोड़ों नाम हटने की बात सामने आने के बाद बीजेपी से लेकर विपक्ष तक सभी इस मुद्दे पर अपनी अपनी बात रख रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि वोटर लिस्ट से 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उनके इस बयान के बाद विपक्ष को बीजेपी पर हमला बोलने का नया मौका मिल गया है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को आखिर कैसे पता चला कि इतने हिंदू मतदाताओं के नाम कट गए हैं। अखिलेश का आरोप है कि इस मुद्दे के जरिए लोगों के बीच डर फैलाने और राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने वोट बचाने के लिए लगातार मेहनत की है।

कांग्रेस ने भी इस मामले में बीजेपी को घेरा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस काफी समय से वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने सवाल किया कि अगर बीजेपी के समर्थकों के नाम भी हट रहे हैं तो इसके लिए अमित शाह से सवाल क्यों नहीं किया जाता। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अमित शाह बीजेपी को चुनाव हरवाना चाहते हैं।

इस बीच बीजेपी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। पार्टी की बैठक में तय किया गया है कि जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं उन्हें दोबारा जुड़वाने में मदद की जाएगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह चुनाव आयोग की प्रक्रिया है और किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और वोटर रजिस्ट्रेशन में उनकी मदद करेंगे। इसके लिए जिला अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी दी जाएगी।

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर के बाद पंचायत और निकाय चुनाव की मतदाता सूची में 3 करोड़ 38 लाख से ज्यादा नाम कटने का मामला सामने आया है। इसी आंकड़े को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब देखना होगा कि बीजेपी का यह अभियान कितना असर दिखाता है और आने वाले दिनों में वोटर लिस्ट का यह मुद्दा यूपी की राजनीति को किस दिशा में ले जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button