HTET 2026: झज्जर में 14 परीक्षा केंद्रों पर 8,649 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम

हरियाणा में आगामी 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए झज्जर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने लघु सचिवालय सभागार में संबंधित प्रशासनिक, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
झज्जर में 11 और बहादुरगढ़ में 3 परीक्षा केंद्र
उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 11 परीक्षा केंद्र झज्जर शहर और 3 परीक्षा केंद्र बहादुरगढ़ में स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 8,649 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा, बिजली, पेयजल और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
बैठक में उपायुक्त ने सभी केंद्र अधीक्षकों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, बैठने की उचित व्यवस्था और सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए ताकि परीक्षा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम रवि मीणा, नगराधीश रितु, सहायक पुलिस आयुक्त अनिरुद्ध चौहान, रोडवेज महाप्रबंधक अनित यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जानिए परीक्षा का पूरा शेड्यूल
एचटेट परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। 4 जुलाई को लेवल-3 (PGT) की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी, जिसमें 2,480 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 5 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक लेवल-2 (TGT) की परीक्षा होगी, जिसमें सबसे अधिक 4,352 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं 5 जुलाई को ही दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-1 (PRT) की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 1,817 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
