
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब छह बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छपरौला के पास जीटी रोड पर गाजियाबाद से दादरी जा रहा सरिया से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक पहले सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से टकराया और फिर गहरे नाले में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में लदा भारी सरिया केबिन को चीरते हुए आगे निकल आया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआती जांच में झपकी आने की आशंका
थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई होगी, जिसके कारण वह ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

दो घंटे बाद निकाला गया शव
नाले में गिरे ट्रक के केबिन में चालक बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और बचाव दल ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान बुलंदशहर निवासी 28 वर्षीय आमिर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
हादसे से लगा लंबा जाम
इस दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को नाले से हटवाकर सड़क को साफ कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
