
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में शिकायतों की सुनवाई के दौरान कई अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की। बैठक में पुलिस, बिजली निगम और राजस्व से जुड़े मामलों में तत्काल फैसले लेते हुए निलंबन, चार्जशीट और विजिलेंस जांच के आदेश जारी किए गए।
नाबालिग से समझौता कराने पर ASI निलंबित
ग्रीवेंस बैठक के दौरान रानियां थाना क्षेत्र की एक शिकायत पर मुख्यमंत्री ने एएसआई राजेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता कैलाश कौर ने आरोप लगाया था कि उनके नाबालिग बेटे से जुड़े विवाद में समझौता कराने का दबाव बनाया गया था। मामले को गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के आदेश दिए।
बिजली निगम के SDO पर भी गिरी गाज
मुख्यमंत्री ने ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन से जुड़े एक मामले में बिना आवश्यक दस्तावेजों की जांच किए कनेक्शन जारी करने पर संबंधित SDO को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) के खिलाफ चार्जशीट जारी करने और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने का आदेश भी दिया।
फर्जी रजिस्ट्री मामले की विजिलेंस जांच
झूठीखेड़ा गांव में कथित फर्जी रजिस्ट्री से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री ने विजिलेंस जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्लॉट आवंटन मामले की भी होगी जांच
विजय कुमार की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने सेक्टर-21 में प्लॉट आवंटन मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। शिकायत के अनुसार, निर्धारित किश्तें जमा करने के बावजूद आवंटी को अब तक प्लॉट नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से मामले की रिपोर्ट तलब की है।
शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
ग्रीवेंस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही या नियमों के उल्लंघन के मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सिरसा में आयोजित ग्रीवेंस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कई अहम मामलों में त्वरित कार्रवाई कर प्रशासनिक जवाबदेही का संदेश दिया। पुलिस, बिजली निगम और अन्य विभागों से जुड़े मामलों में जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेशों के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
