
DELHI NEWS(Globl times): पद्मश्री संजीत रॉय का निधन देश के लिए एक बड़ी क्षति है। बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक और जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता संजीत रॉय ने राजस्थान के अजमेर जिले के तिलोनिया गांव में मंगलवार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर अंतिम सांस ली। उनके जाने की खबर सामने आते ही सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने दुख जताना शुरू कर दिया है।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि संजीत रॉय का जाना पूरे देश के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। वहीं शशि थरूर ने भी उनके निधन पर दुख जताया। बताया गया है कि मंगलवार शाम 4 बजे तिलोनिया गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
संजीत रॉय ने अपनी पूरी जिंदगी गांवों के विकास और गरीब लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए लगा दी थी। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का काम किया। खास तौर पर गांव की महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने जो प्रयास किए उनकी पहचान देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक बनी।
तिलोनिया का बेयरफुट कॉलेज उनके काम की सबसे बड़ी पहचान रहा। यहां ग्रामीण महिलाओं को अलग अलग तरह के हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया गया। उनके प्रयासों का मकसद था कि गांव की महिलाएं भी अपने दम पर कमाई कर सकें और उन्हें किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत न पड़े।
संजीत रॉय ने गांधीवादी सोच के साथ ग्रामीण विकास का ऐसा रास्ता अपनाया जिसमें गांव के लोगों को ही बदलाव की सबसे बड़ी ताकत माना गया। उन्होंने महिलाओं को पुरुषों के बराबर मजदूरी का अधिकार दिलाने की दिशा में भी अहम काम किया।
उनके इसी योगदान के लिए साल 1986 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। टाइम मैगजीन ने भी उन्हें दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में जगह दी थी।
संजीत रॉय भले ही आज हमारे बीच नहीं रहे लेकिन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और गांवों की तस्वीर बदलने के लिए किया गया उनका काम हमेशा याद किया जाएगा।
