Quantum computers: भारत का राष्ट्रीय क्वांटम मिशन! क्या यह स्मार्ट तकनीक भारतीय उद्योग के लिए बनेगी गेम चेंजर?

Quantum computers: भारत जल्द ही अपना सबसे बड़ा क्वांटम कंप्यूटर लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। यह कंप्यूटर राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत लॉन्च होगा और यह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों को हल करने में सक्षम होगा। इसे आईबीएम और टीसीएस यानी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज मिलकर विकसित करेंगे।
क्वांटम कंप्यूटर की खासियत
भारत का यह क्वांटम कंप्यूटर बहुत शक्तिशाली होगा। इसमें 156 क्यूबिट आईबीएम हेरॉन प्रोसेसर होगा जो लाखों कार्यों को तेज़ी से पूरा करने में सक्षम होगा। यह कंप्यूटर आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में बने क्वांटम वैली टेक पार्क में स्थापित किया जाएगा।
India’s Largest Quantum Computer.
Coming Soon…Guess WHERE⁉️ pic.twitter.com/9AWzFE9Hxs
— DoT India (@DoT_India) May 5, 2025
आईबीएम और टीसीएस की साझेदारी
आईबीएम और टीसीएस ने हाल ही में इस परियोजना के बारे में आधिकारिक घोषणा की है। आईबीएम इस कंप्यूटर के हार्डवेयर का निर्माण करेगा जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज को इसके सॉफ़्टवेयर का डिजाइन बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। टीसीएस इसके एल्गोरिदम और एप्लिकेशन को विकसित करेगा जो भारतीय उद्योग और शिक्षा क्षेत्र की सबसे बड़ी चुनौतियों को हल करने में मदद करेगा।
राष्ट्रीय क्वांटम मिशन
भारत सरकार ने राष्ट्रीय क्वांटम मिशन योजना को भविष्य की प्रौद्योगिकियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है। क्वांटम कंप्यूटिंग को अगली पीढ़ी की तकनीक के रूप में देखा जा रहा है। इस बड़े क्वांटम कंप्यूटर के निर्माण से भारत को कई क्षेत्रों में लाभ होगा और यह देश को तकनीकी विकास में दुनिया के विकसित देशों के साथ प्रतिस्पर्धा करने में मदद करेगा।
क्वांटम कंप्यूटर की क्षमताएं
आईबीएम के इस क्वांटम कंप्यूटर को क़िस्किट सॉफ़्टवेयर और अन्य संसाधनों से लैस किया जाएगा। इसका क्वांटम इकोसिस्टम उद्योग में उच्च गुणवत्ता वाली नौकरियों और वैश्विक निवेश को आकर्षित करने का कार्य करेगा। यह कंप्यूटर भारत में क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र में एक नई दिशा दिखाएगा।