
गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। आवास, गंभीर बीमारियों के इलाज, जमीन विवाद और जनकल्याण योजनाओं से जुड़े मामलों पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी जरूरतमंद को सरकार अकेला नहीं छोड़ेगी।
जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री
शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों के बीच स्वयं पहुंचकर उन्होंने एक-एक व्यक्ति की समस्या सुनी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आवास और इलाज को लेकर दिया बड़ा भरोसा
जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पास रहने के लिए अपना घर नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे सरकारी आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को भी उन्होंने भरोसा दिलाया कि आर्थिक तंगी इलाज में कभी बाधा नहीं बनेगी और सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के निर्देश
इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे कई लोगों के प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुने। एम्स दिल्ली में उपचार करा रही एक महिला को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया। वहीं दूसरी महिला के मामले में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उनका इलाज गोरखपुर एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
जमीन कब्जाने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश
जनता दर्शन में कई लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून का राज कायम रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बच्चों को दुलार, शिक्षा का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान अपने परिजनों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
जनसमस्याओं के समाधान पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि लोगों का सरकार पर भरोसा और मजबूत हो।
