राज्य

मयूर विहार फेज-3 में बदमाशों का आतंक, महिलाओं-बच्चों समेत कई लोगों से मारपीट

राजधानी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 9 युवक कॉलोनी में घुस आए और लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक युवती के साथ मारपीट से हुई। जब आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी कॉलोनी से निकलकर सैटरडे मार्केट वाली सड़क तक पहुंच गए और रास्ते में मिलने वाले लोगों के साथ भी मारपीट करते हुए फरार हो गए।

मयूर विहार फेज-3 में बदमाशों का आतंक, महिलाओं-बच्चों समेत कई लोगों से मारपीट

15 लोगों के घायल होने का दावा, 8 साल का बच्चा भी शामिल

स्थानीय लोगों का दावा है कि इस घटना में करीब 15 लोग घायल हुए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इलाके के विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि हमले में 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि घायलों में एक 8 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। घटना के दौरान पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप

घटना को लेकर स्थानीय लोगों और विधायक ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि 112 पर कई बार कॉल करने के बावजूद पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। घायलों का कहना है कि उन्होंने 10 से 15 बार पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया, लेकिन सहायता समय पर नहीं मिली। इस देरी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता भी जताई गई।

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button