
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी ने समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें एक पुराने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उनके समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
तेज प्रताप यादव ने कार्रवाई पर जताई आपत्ति
वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार के खिलाफ नामांकन वाले दिन की गई कार्रवाई बेहद गंभीर है। तेज प्रताप का आरोप है कि यदि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मामले में पूरी मजबूती से वीणा मानवी के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का रुख भी करेगी।

हाल ही में घोषित हुई थीं उम्मीदवार
जनशक्ति जनता दल ने हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। तेज प्रताप यादव ने उन्हें पार्टी का चुनाव चिह्न सौंपकर आधिकारिक प्रत्याशी बनाया था। उम्मीदवार घोषित होने के बाद वीणा मानवी ने सोशल मीडिया पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा था कि वह बांकीपुर की जनता की आवाज बनकर काम करेंगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
उपचुनाव में बढ़ी सियासी गर्मी
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पहले से ही राजनीतिक रूप से काफी चर्चाओं में है। नामांकन के अंतिम दिन एक ओर विभिन्न दलों के उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए, वहीं वीणा मानवी की गिरफ्तारी ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। फिलहाल पुलिस की ओर से गिरफ्तारी पुराने दर्ज मामले के आधार पर की गई है, जबकि पार्टी इसे राजनीतिक कार्रवाई बता रही है। मामले को लेकर आगे कानूनी और राजनीतिक घटनाक्रम पर सभी की नजर बनी हुई है।
