India EV Market: भारत में BYD का बड़ा ऐलान, 5 मिनट में चार्ज होगी इलेक्ट्रिक कार!

India EV Market: दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी BYD भारत में अपना प्रोडक्शन यूनिट लगाने जा रही है। यह प्लांट हैदराबाद से 60 किलोमीटर दूर रंगा रेड्डी, तेलंगाना में बनाया जाएगा। इसी बीच, कंपनी ने सोमवार को एक नई सुपर फास्ट चार्जिंग तकनीक की घोषणा की है। इस नए चार्जिंग प्लेटफॉर्म को लेकर दावा किया गया है कि यह बैटरी को उतनी ही तेजी से चार्ज कर देगा, जितना समय पेट्रोल भरवाने में लगता है। यानी सिर्फ 5 मिनट में इलेक्ट्रिक कार पूरी तरह चार्ज हो जाएगी।
भारत में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री घटी
BYD की यह तकनीक भविष्य में इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट का पूरा खेल बदल सकती है। हालांकि, भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री अभी भी धीमी बनी हुई है। इसकी बड़ी वजह चार्जिंग में लगने वाला ज्यादा समय है। बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी में भारत में EV बिक्री 1.9% घटी है। साल-दर-साल के आधार पर यह आंकड़ा 139,025 यूनिट्स रहा है, जबकि पिछले महीने की तुलना में इसमें 18.2% की गिरावट आई है।
चार्जिंग स्पीड बनी बड़ी समस्या
फिलहाल भारत में EV चार्जिंग की सबसे बड़ी समस्या उसकी स्पीड है। मौजूदा चार्जिंग टेक्नोलॉजी में बैटरी चार्ज होने में 30 मिनट से लेकर 8-12 घंटे तक का समय लग सकता है। यह चार्जिंग स्टेशन की क्षमता पर निर्भर करता है। BYD की सुपर ई प्लेटफॉर्म तकनीक 1,000 kW की अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग स्पीड देने का दावा करती है, जो फिलहाल चीन में उपलब्ध है। लेकिन भारत में ऐसी हाई-स्पीड चार्जिंग की कोई सुविधा मौजूद नहीं है।
भारत में अभी धीमी है EV चार्जिंग
भारत में उपलब्ध चार्जिंग स्टेशन अधिकतम 7kW तक की स्पीड प्रदान कर सकते हैं, जिसका मतलब यह हुआ कि बैटरी को पूरी तरह चार्ज करने के लिए पूरी रात चार्जिंग पर रखना पड़ता है। कुछ पब्लिक डीसी फास्ट चार्जर जरूर मौजूद हैं, लेकिन उनकी स्पीड 50kW से 120kW तक ही सीमित है। इससे भी बैटरी चार्ज होने में 2-3 घंटे का समय लग जाता है। वहीं, भारत में मौजूद कई इलेक्ट्रिक कारें 50kW या 70kW से ज्यादा की चार्जिंग स्पीड सपोर्ट नहीं करती। ऐसे में BYD की 5 मिनट वाली चार्जिंग तकनीक भारत में कितना प्रभावी होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।