राज्य

मुरादाबाद में सीएम योगी का भावुक अंदाज, वांची-आची के हाथों कराया श्री राम वाटिका का उद्घाटन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद दौरे के दौरान 365 करोड़ रुपये से अधिक की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्मित ‘श्री राम वाटिका’ का उद्घाटन एक अनोखे और भावुक अंदाज में कराया। किसी मंत्री या अधिकारी के बजाय मुख्यमंत्री ने दो नन्हीं बहनों वांची और आची को मंच पर बुलाकर उनके हाथों फीता कटवाया। मुख्यमंत्री के इस कदम ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया और पूरा माहौल भावुक हो गया।

जनता दर्शन से शुरू हुई थी वांची की कहानी

वांची और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह जुड़ाव नया नहीं है। वर्ष 2025 में वांची के पिता अमित कुमार अपनी बेटी के स्कूल में दाखिले के लिए कई महीनों तक अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वे मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे और अपनी समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत महज तीन घंटे के भीतर वांची का मुरादाबाद के प्रतिष्ठित सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल में दाखिला सुनिश्चित हो गया।

मुरादाबाद में सीएम योगी का भावुक अंदाज, वांची-आची के हाथों कराया श्री राम वाटिका का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने बच्चियों को दिया विशेष सम्मान

सोमवार को जब मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तब वांची और उसकी छोटी बहन आची भी अपने परिवार के साथ वहां मौजूद थीं। मुख्यमंत्री की नजर जैसे ही दोनों बच्चियों पर पड़ी, उन्होंने उन्हें स्नेहपूर्वक अपने पास बुलाया और श्री राम वाटिका के उद्घाटन का सम्मान उन्हें सौंप दिया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच बच्चियों के हाथों फीता कटवाने का यह दृश्य कार्यक्रम का सबसे यादगार पल बन गया। उपस्थित लोगों ने इसे बेटियों के सम्मान और संवेदनशील नेतृत्व का संदेश बताया।

बेटियों के सम्मान का दिया संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह कदम केवल एक उद्घाटन समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने यह संदेश भी दिया कि उनके लिए आम नागरिक, विशेषकर बेटियां, सबसे महत्वपूर्ण हैं। विकास परियोजनाओं के साथ मानवीय संवेदनाओं का यह उदाहरण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील और प्रेरणादायक पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button