भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: मां की तबीयत बिगड़ने से आमरण अनशन 20 जुलाई तक स्थगित

भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर परिवार द्वारा प्रस्तावित आमरण अनशन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। गुरुवार से शुरू होने वाले इस अनशन को भरत तिवारी की मां आशा देवी की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण टाल दिया गया। परिवार ने बताया कि चिकित्सकों की सलाह पर फिलहाल स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए भूख हड़ताल 20 जुलाई तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
डॉक्टरों ने आराम की दी सलाह
परिजनों के अनुसार आशा देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं, लेकिन गुरुवार को उनकी तबीयत अधिक खराब हो गई। जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनका ब्लड प्रेशर 90/60 दर्ज किया, जो सामान्य से काफी कम पाया गया। उनका इलाज कर रहे डॉ. मुन्ना कुमार प्रसाद ने बताया कि आशा देवी के शरीर में अत्यधिक कमजोरी है और उन्हें हल्का बुखार भी है। डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें अनशन से दूर रहने और पूरा आराम करने की सलाह दी है।

न्यायिक जांच से परिवार को उम्मीद
भरत तिवारी के भाई चंदन कुमार तिवारी ने बताया कि परिवार एक दिन पहले न्यायिक जांच आयोग के समक्ष भी पेश हुआ था। उन्होंने कहा कि आयोग की कार्यवाही देखकर परिवार को निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। इसी भरोसे के साथ फिलहाल आंदोलन को कुछ दिनों के लिए स्थगित किया गया है।
20 जुलाई के बाद होगा अगला फैसला
परिवार का कहना है कि यदि आशा देवी का स्वास्थ्य सामान्य हो जाता है तो 20 जुलाई के बाद आमरण अनशन की नई तारीख तय की जाएगी। फिलहाल परिवार ने साफ किया है कि न्याय की मांग जारी रहेगी, लेकिन मां की सेहत को देखते हुए आंदोलन को अस्थायी रूप से टालना जरूरी था।
