ट्रंप के फैसलों पर था जेनसन हुआंग का असर चीन को AI चिप बेचने पर मचा विवाद

INTERNATIONAL NEWS(Globl times): जेनसन हुआंग का नाम दुनिया के बड़े टेक कारोबारियों में शामिल रहा है लेकिन अमेरिका की राजनीति में बढ़ती उनकी पहुंच अब उनके लिए मुश्किलों की वजह बन गई। Nvidia के पूर्व CEO का अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अच्छा तालमेल था और बताया जाता है कि चीन को AI चिप बेचने के मामले में भी उनकी राय काफी अहम हो गई थी। अब इस पूरे मामले में ट्रंप प्रशासन के अंदर चल रही नाराजगी की कहानी सामने आई है।
दरअसल अमेरिका में काफी समय से इस बात पर बहस चल रही थी कि चीन को अमेरिकी तकनीक और एडवांस AI चिप बेचने की इजाजत दी जानी चाहिए या नहीं। एक तरफ अमेरिका के कई अधिकारी इसे देश की सुरक्षा के लिए खतरा मान रहे थे तो दूसरी तरफ हुआंग का मानना था कि अमेरिकी कंपनियों को चीन में अपना कारोबार करने देना चाहिए।
उनका तर्क था कि अगर चीन की कंपनियां अमेरिकी चिप और तकनीक का इस्तेमाल करती रहेंगी तो वे अमेरिका पर निर्भर रहेंगी। इससे अमेरिकी कंपनियों को भी फायदा होगा। इसी सोच के चलते उन्होंने ट्रंप को चीन में कुछ एडवांस चिप बेचने की अनुमति देने के लिए राजी किया था। बताया जाता है कि इस फैसले में दोनों के बीच सीधी बातचीत की बड़ी भूमिका रही।
लेकिन ट्रंप प्रशासन के कुछ बड़े अधिकारी इस बात से खुश नहीं थे। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कुछ लोग चाहते थे कि राष्ट्रपति पर हुआंग का प्रभाव कम किया जाए। उनका मानना था कि चीन को लेकर अमेरिकी नीतियों में एक कारोबारी का इतना दखल ठीक नहीं है।
इसी बीच मामला और उलझ गया जब अमेरिकी विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मार्को रुबियो ने हुआंग के एक चीनी महिला कारोबारी के साथ रिश्तों को लेकर ट्रंप को जानकारी दी। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक था कि उस महिला के चीन की खुफिया एजेंसियों से संबंध हो सकते हैं। CIA की रिपोर्ट के आधार पर रुबियो ने ट्रंप को एक मेमो भी भेजा था।
बाद में यह जानकारी मीडिया में लीक हो गई। हुआंग ने एक ग्राहक कंपनी की महिला अधिकारी के साथ अपने रिश्ते की बात स्वीकार की और इसके लिए माफी भी मांगी। इसके बाद Nvidia के बोर्ड ने भी जांच शुरू की कि कहीं इस मामले से कंपनी की सुरक्षा पर कोई असर तो नहीं पड़ा है।
बाद में कंपनी की एक कर्मचारी के साथ रिश्तों की खबरें भी सामने आईं। आखिरकार हुआंग ने CEO पद से इस्तीफा दे दिया। इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया कि दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में ताकत और कारोबार के साथ राजनीति का असर भी कितना बड़ा हो सकता है।
