500 रुपये लेकर मुंबई पहुंची थीं दिशा पाटनी, ‘एमएस धोनी’ ने बदल दी किस्मत, आज हैं बॉलीवुड की ग्लैमरस स्टार

बॉलीवुड की सबसे फिट और ग्लैमरस अभिनेत्रियों में शुमार दिशा पाटनी आज अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। उत्तर प्रदेश के बरेली से निकलकर मुंबई तक का उनका सफर संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल है। कभी जेब में मात्र 500 रुपये लेकर सपनों की नगरी मुंबई पहुंचने वाली दिशा आज करोड़ों दिलों पर राज करती हैं और बॉलीवुड की सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं।
13 जून 1992 को बरेली में जन्मी दिशा पाटनी एक कुमाऊंनी राजपूत परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता जगदीश सिंह पाटनी पुलिस विभाग में अधिकारी रहे हैं, जबकि उनकी मां पद्मा पाटनी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उनकी बड़ी बहन खुशबू पाटनी भारतीय सेना में मेजर रह चुकी हैं और वर्तमान में फिटनेस कोच एवं उद्यमी हैं।
दिशा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बरेली के बीबीएल पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई शुरू की, लेकिन मॉडलिंग और अभिनय के सपनों ने उन्हें पढ़ाई बीच में छोड़ने के लिए प्रेरित किया। वर्ष 2013 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया इंदौर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और फर्स्ट रनर-अप रहीं, जिससे उनके मॉडलिंग करियर को नई दिशा मिली।
एक इंटरव्यू में दिशा ने खुलासा किया था कि वह सिर्फ 500 रुपये लेकर मुंबई आई थीं। उन्होंने बताया था कि वह शुरुआत में पायलट बनना चाहती थीं, लेकिन मॉडलिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के बाद उन्हें ऑडिशन के अवसर मिलने लगे और उन्होंने अभिनय को अपना करियर बनाने का फैसला कर लिया।
दिशा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2015 में तेलुगु फिल्म ‘लोफर’ से की थी। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन दिशा के लिए यह फिल्म इंडस्ट्री में पहला कदम साबित हुई। इसके बाद वर्ष 2016 में उन्हें बॉलीवुड फिल्म ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ में काम करने का मौका मिला। फिल्म में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की पूर्व प्रेमिका प्रियंका झा का किरदार निभाया। भले ही उनका रोल छोटा था, लेकिन उनकी मासूमियत और प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया।
यही फिल्म दिशा पाटनी के करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। फिल्म की सफलता के साथ दिशा रातों-रात स्टार बन गईं और उन्हें बॉलीवुड में नई पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने ‘बागी 2’, ‘भारत’, ‘मलंग’, ‘एक विलेन रिटर्न्स’ और अंतरराष्ट्रीय फिल्म ‘कुंग फू योगा’ जैसी फिल्मों में काम कर अपनी लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिशा जल्द ही मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगी। इसके अलावा वह इमरान हाशमी के साथ फिल्म ‘आवारापन 2’ में भी दिखाई देंगी। अपने संघर्ष और सफलता की कहानी से दिशा पाटनी आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
