राज्यराजनीति

चानौत गांव को मिलेगा भाखड़ा नहर से अलग पाइपलाइन का पानी, CM ने विकास के लिए ₹1 करोड़ का किया ऐलान

हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि चानौत गांव की पेयजल समस्या को लेकर मुख्यमंत्री और धरना समिति के बीच हुई बैठक सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने गांव को स्थायी रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भाखड़ा नहर से चानौत तक अलग पाइपलाइन बिछाने का भरोसा दिया है। इसके साथ ही गांव के विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा भी की गई है।

स्वच्छ पेयजल और विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

हांसी स्थित पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि सरकार गांव की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों के लिए घोषित एक करोड़ रुपये की राशि तत्काल जारी करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि चानौत गांव को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

अलग पाइपलाइन ही होगा स्थायी समाधान

मंत्री गंगवा ने स्पष्ट किया कि हांसी शहर के लिए अमृत-2 योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देकर गांव को पानी उपलब्ध कराना तकनीकी और नियमानुसार उचित नहीं है। इसलिए सरकार ने भाखड़ा नहर से चानौत तक अलग पाइपलाइन बिछाने का फैसला लिया है, ताकि भविष्य में पेयजल संकट हमेशा के लिए समाप्त हो सके।

चानौत गांव को मिलेगा भाखड़ा नहर से अलग पाइपलाइन का पानी, CM ने विकास के लिए ₹1 करोड़ का किया ऐलान

अवैध टी-कनेक्शन लगाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

रणबीर सिंह गंगवा ने बताया कि हांसी की पाइपलाइन में अवैध टी-कनेक्शन लगाने वाले कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अभय चौटाला ने सरकार पर साधा निशाना

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले से बिछी पाइपलाइन से चानौत गांव को पानी देने से सरकार इनकार कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 30 जून तक नहरों और ड्रेनों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। उनके मुताबिक कई जिलों में समय पर सफाई नहीं होने से बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button