
निशांत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बड़े काफिले के साथ नालंदा पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं क्योंकि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल की बचत और सरकारी खर्च कम करने के लिए वाहनों के कम इस्तेमाल की अपील की थी। वायरल वीडियो में निशांत कुमार के साथ कई गाड़ियां दिखाई दे रही हैं, जिसे लेकर विपक्ष और सोशल मीडिया यूजर्स सवाल उठा रहे हैं।
मां मंजू देवी की पुण्यतिथि कार्यक्रम में पहुंचे थे निशांत कुमार
दरअसल गुरुवार को नालंदा में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पत्नी स्वर्गीय मंजू देवी की पुण्यतिथि का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस मौके पर नीतीश कुमार ने श्रद्धांजलि अर्पित की और कुछ देर बाद वापस लौट गए। वहीं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार करीब एक घंटे तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद उनका काफिला वापस रवाना हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

काफिले में एंबुलेंस सहित 13 गाड़ियां, Z सुरक्षा भी मिली
वीडियो में देखा गया कि निशांत कुमार के काफिले में एंबुलेंस समेत कुल 13 गाड़ियां शामिल थीं। बताया जा रहा है कि बुधवार को ही उन्हें जेड सुरक्षा प्रदान की गई है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। हालांकि इस बड़े काफिले को लेकर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि हाल के दिनों में प्रधानमंत्री मोदी ने नेताओं और अधिकारियों से ईंधन बचत के लिए कम से कम वाहनों का उपयोग करने की अपील की थी। सोशल मीडिया पर कई लोग इसे उसी अपील के विपरीत कदम बता रहे हैं।
PM मोदी और कई मुख्यमंत्रियों ने घटाए अपने काफिले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में बेहद सीमित गाड़ियों के साथ नजर आए थे और कई राज्यों के मुख्यमंत्री व मंत्री भी अपने काफिले छोटे करने लगे हैं। हरियाणा समेत कई राज्यों में नेताओं ने वाहनों की संख्या घटाने के फैसले लिए हैं। ऐसे माहौल में निशांत कुमार का बड़ा काफिला राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है। हालांकि समर्थकों का कहना है कि जेड सुरक्षा मिलने के कारण सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत अतिरिक्त वाहन शामिल किए गए थे।
