गुरुकुल कुरुक्षेत्र के छात्र दिवस राठी ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, 14.27 सेकेंड में गिनाए एशिया के 49 देशों के नाम

हरियाणा के गोहाना निवासी और गुरुकुल कुरुक्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्र दिवस राठी ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति और तेज प्रस्तुति से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नया इतिहास रच दिया है। गुरुकुल में कक्षा 9 के छात्र दिवस राठी ने मात्र 14 सेकेंड 27 सेंटीसेकेंड में एशिया के सभी 49 देशों के नाम सुनाकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनकी इस उपलब्धि को इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस द्वारा मान्यता दी गई है।
कम उम्र में हासिल की बड़ी उपलब्धि
दिवस राठी मूल रूप से हरियाणा के गोहाना के धनाना गांव के निवासी हैं। उनके पिता पेशे से शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। यह विश्व रिकॉर्ड 19 मार्च को दर्ज किया गया, उस समय दिवस की आयु 13 वर्ष 8 माह 9 दिन थी। कम उम्र में मिली इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गुरुकुल परिसर में खुशी और गर्व का माहौल है।

गुरुकुल और गुजरात के राज्यपाल ने दी बधाई
दिवस राठी की सफलता पर गुरुकुल प्रबंध समिति के प्रधान राजकुमार गर्ग, निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार और प्राचार्य सूबे प्रताप ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं गुरुकुल के संरक्षक और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी फोन पर बातचीत कर दिवस को बधाई दी और गुरुकुल का नाम विश्व स्तर पर रोशन करने के लिए उनकी सराहना की।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि दिवस राठी की यह उपलब्धि देशभर के छात्रों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। दिवस राठी ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा और समर्पण के दम पर कम उम्र में भी विश्व स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
